बारात में बवाल: डीजे पर डांस को लेकर भिड़े दो पक्ष, खुशियों में मची अफरा-तफरी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा परसौनी गांव में एक शादी समारोह उस वक्त रणभूमि में बदल गया, जब बारात की अगवानी के दौरान डीजे पर डांस को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और जमकर लात-घूंसे चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए। महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा परसौनी गांव में शादी की खुशियां उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गईं, जब बारात की अगवानी के दौरान मामूली बात पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। डीजे पर डांस करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जहां स्वागत सत्कार की जगह लात-घूंसे चलने लगे। घटना बीती रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है, जब बारात गांव में पहुंची थी और डीजे पर नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान डांस को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में माहौल इतना बिगड़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। इस झड़प में एक व्यक्ति का सिर फूट गया, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में मुकेश (22 वर्ष), दुर्गेश (28 वर्ष) और साहिल (19 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी पिपरा परसौनी गांव के निवासी हैं। इनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
यह भी पढ़ें : बारात में बवाल: डीजे पर डांस को लेकर भिड़े दो पक्ष, खुशियों में मची अफरा-तफरी